बेलहर। बखिरा थाना क्षेत्र के लोहरौली मिश्र गांव में विवाहिता का शव उसी के कमरे में मिला। संदिग्ध हाल में महिला की मौत की सूचना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गला घोटकर हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, देवर, ससुर और सास के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। सिद्धार्थनगर जिले के पिरैला भवानीगंज गांव निवासी संग्राम मिश्र की बेटी बबिता मिश्र (21) की शादी पिछले वर्ष की 31 मई को बखिरा थाना क्षेत्र के लोहरौली मिश्र गांव निवासी सर्वेश मिश्र पुत्र उदयभान के साथ हुई थी।
बृहस्पतिवार की रात बबिता की मौत की सूचना मायके पक्ष को मिली। वह लोहरौली गांव पहुंचे तो उसका शव उसी के कमरे में पड़ा था। संग्राम मिश्र का आरोप है कि दहेज के लिए उनकी बेटी बबिता की हत्या कर दी गई है। घर में विवाहिता का शव पड़े होने की सूचना पर एसओ बखिरा सदानंद सिंह तथा नायब तहसीलदार वाचस्पति सिंह मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एसओ सदानंद सिंह ने बताया कि मृतका के पिता संग्राम मिश्र की तहरीर पर मृतका के पति सर्वेश, देवर उमेश, ससुर उदयभान और सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पति, सास और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। देवर अभी फरार है, जिसकी खोजबीन हो रही है।