बखिरा। मंगलवार की शाम को आबकारी विभाग व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में परतिया मोड़ (बखिरा) स्थित खंडहर से भिन्न-भिन्न ब्रांडों की देसी शराब की 15 पेटियां बरामद हुईं।
मौके से महिला पुलिस ने दो आरोपी महिलाओं को भी हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर सदानंद सिंह ने बताया कि दोनों महिलाओं के खिलाफ आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई है।
आबकारी विभाग के अमरेंद्र सिंह ने बताया कि परतिया गांव में ग़ैरजनपद से शराब लाकर बेचने की शिकायत मिली थी। इसी सूचना के आधार पर कस्बे में स्थित एक मकान में पुलिस के सहयोग से छापेमारी की गई।
इस कार्रवाई में मकान के भीतर रखा हुआ अलग अलग ब्रांडों की 15 पेटी देसी शराब बरामद की गई। प्रत्येक पेटी में 45 शीशी गिनती में मिली। महिला पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने गोरखपुर जनपद से लेकर शराब बेचने की बात कबूल की।
बरामद शराब का नमूना लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। पकड़ी गई आरोपी महिलाओ की पहचान बखिरा निवासी संगीता व रिंकी के रूप में हुई। संयुक्त कार्रवाई में चौकी इंचार्ज राममिलन यादव, लक्ष्मी सिंह, श्रीचंद पाठक, सुभाष राय, मधुसूदन सिंह, अशोक चौहान व महिला पुलिस विजय लक्ष्मी मौजूद रही।