सेमरियावां। दुधारा क्षेत्र के बीरनजोत की अंजुम की मौत दम घुटने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुंह दबा कर हत्या की पुष्टि हुई है। युवती के मोबाइल को हत्यारों ने फार्मेट कर दिया था।
मोबाइल कॉल डिटेल से पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस को प्रेम संबंध में युवती की हत्या होने का शक है। पुलिस की जांच भी इसी बिंदु के इर्द- गिर्द घूम रही है।
बीरनजोत निवासी यासीन की 20 वर्षीय पुत्री अंजुम का शव बीरनजोत-हटवा खड़ंजा मार्ग के बगल में स्थित खेत में मंगलवार को मिला था। शव मिलने के करीब पांच घंटे तक किसी ने शव की पहचान नहीं की। बाद में युवती के पिता यासीन थाने पर पहुंचे और शव की पहचान कर शिकायती पत्र दिया।
बीरनजोत गांव के लोगों पर शव की पहचान छिपाने की कोशिश पर भी तरह-तरह की चर्चा है। चर्चा के केंद्र में 15 दिन पहले पड़ोस के गांव के युवक की ग्रामीणों ने बुरी तरह से पिटाई कर दी थी। बाद में लोगों ने फोन कर उसके परिजनों को बताया था।
परिजन उसे उठाकर घर ले गए थे। लोगों को शक है कि कहीं उस घटना का संबंध युवती की मौत से तो नहीं है। पुलिस युवती के शव के पास से बरामद मोबाइल का कॉल डिटेल निकलवाने के साथ ही पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी।
अब पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सांस रुकने से युवती की मौत हुई है। एसओ दुधारा करुणाकर पांडेय ने बताया कि पीएम रिपोर्ट और सीडीआर मिलने के बाद घटना की स्थिति काफी स्पष्ट होती जा रही है।
प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या होने का शक गहरा रहा है और उसी को केंद्र मान कर जांच की जा रही है। वैसे अन्य पहलुओं पर भी जांच हो रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।