धनघटा-बिड़हरघाट मार्ग पर हुआ हादसा
- फोटो : अमर उजाला
हैंसर। सोमवार की सुबह धनघटा-बिड़हरघाट मार्ग पर थाने के दक्षिण वन विभाग कार्यालय के पास एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। जिससे उसमें सवार एक व्यापारी की मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आजमगढ़ जिले के महराजगंज निवासी शमशुल हक और उनका बेटा फहद 19 वर्ष सब्जी का व्यापार करते हैं। सोमवार को उनका बेटा फहद पिकअप में बैठकर खलीलाबाद सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने के लिए निकला था। जब पिकअप धनघटा में वन विभाग कार्यालय के पास पहुंची तो अनियंत्रित होकर आम के पेड़ से टकरा गई। लोगों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। लोग दौड़कर पिकअप के पास पहुंचे। उसमें फंसे युवक को लोग निकालने का प्रयास कर रहे थे। उसी समय चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर धनघटा पुलिस भी पहुंची और पिकअप में फंसे फहद को बाहर निकलवा। उसे सीएचसी मलौली लेकर गए। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही उसके पिता परिजनों के साथ सीएचसी मलौली पहुंच गए। फहद की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस संबंध में एसओ रणधीर मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।