संतकबीरनगर। जिले में अवैध शराब का धंधा खूब जोरों से फल फूल रहा है। आबकारी विभाग और पुलिस विभाग सब कुुछ जानने के बाद भी अवैध धंधों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा है। लोकसभा चुनाव के दौरान एसडीएम धनघटा में घाघरा नदी के किनारे छापेमारी कर 15 हजार लीटर अवैध शराब बरामद किया था। उसके बाद से अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई से पुलिस और आबकारी विभाग कार्रवाई से कतरा रहा है।
कुशीनगर जिले के तरयासुजान में मार्च माह अवैध जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले को लेकर कई अधिकारी निलंबित किए गए थे। कुशीनगर की घटना के बाद हर जिलों में छापेमारी अभियान चलाया गया था। अब बाराबंकी जिले में मंगलवार को कई लोगों की अवैध शराब पीने से मौत हो गई। संतकबीरनगर जनपद के धनघटा, मेंहदावल, बखिरा, दुधारा, कोतवाली, महुली और धर्मसिंहवा क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार काफी फल फूल रहा है। लोकसभा चुनाव के दौरान एसडीएम धनघटा प्रमोद कुमार ने नकहा तेजपुर में छापेमारी कर 15 हजार लीटर अवैध शराब बरामद किया था। इसके बाद खलीलाबाद शहर में एक माह पहले काफी संख्या में एक्सपायरी डेट की शराब बरामद हुई थी। जिसे डीएम के निर्देश पर नष्ट करा दिया गया था। इस संबंध में एसपी आकाश तोमर ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई भी कर रही है। एसओ को निर्देश दिया गया है कि उनके क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार हर हाल में बंद होना चाहिए।