सिलेंडर में लगी आग, मची अफरातफरी
धनघटा। महुली क्षेत्र के मुखलिसपुर निवासी सेवानिवृत्त आरपीएफ दरोगा के घर में चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई। मौके पर जुटे लोगों ने पानी से बोरा भिगोगकर तथा बालू से आग बुझाने का प्रयास किया। जब आग पर काबू नहीं कर सके तो सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पानी की बौछार मारकर आग को नियंत्रित किया। आग की लपट की तपन से छत पर रखी पानी की टंकी पिघल गई।
मुखलिसपुर निवासी परमेश्वर तिवारी शनिवार दोपहर बाद करीब तीन बजे गैस चूल्हा पर चाय बनाने के लिए जैसे ही बर्नल पर लाइटर लगाए कि आग पाइप के रास्ते रेग्ल्युलेटर में लग गई और गैस रिसाव के साथ सिलेंडर जलने लगा। शोर शराबा सुनकर मौके पर जुटे लोगों ने आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। सूचना पर फायर बिग्रेड वाहन कर्मियों ने पानी की बौछार मारकर आग को बुझाया। सिलेंडर में आग लगने की जानकारी होते ही मोहल्ले में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।