संतकबीरनगर। ऑनलाइन शॉपिंग की वेबसाइट से लोगों की डिटेल चोरी करके ठगी करने वाले पकड़े गए हैकर्स गैंग के तार बंगलुरू से भी जुड़े हुए है। बंगलुरू की साइबर क्राइम सीआईडी की टीम यहां की पुलिस से संपर्क साध कर मामले की डिटेल पता की। सूत्रों का दावा है कि बंगलुरू की साइबर क्राइम सीआईडी की टीम यहां कभी भी धमक सकती है।
ऑनलाइन शॉपिग की वेबसाइट से लोगों की डिटेल चुरा कर ठगी करने वाले हैकर्स गैंग के संतकबीरनगर में पकड़े जाने के बाद से दूसरे जिलों की पुलिस के साथ एसटीएफ भी सक्रिय हो चुकी है। इस गिरोह का नेटवर्क देश के विभिन्न प्रांतों के अलावा विदेशों में भी फैला हुआ है। कोतवाल राकेश यादव ने बताया कि हैकर्स गैंग का सरगना हरियाणा प्रांत का रहने वाला शनि नेहरा काफी शातिर है। इस गिरोह का नेटवर्क काफी मजबूत है। फेसबुक और ह्वाट्सऐप ग्रुप से विदेशों में रहने वाले हैकर्स भी इनसे जुड़े है। आगे बताया कि बंगलुरू के साइबर क्राइम सीआईडी के इंस्पेक्टर फिरोज मोहम्मद ने दूरभाष पर वार्ता की और बताया कि बंगलुरू की एक कंपनी की वेबसाइट से पूरा डिटेल चोरी करके एक करोड़ 93 लाख की ठगी कर ली गई थी। बंगलुरू की उस कंपनी को ईमेल के जरिए भेजी गई सूचना से ही मामला पकड़ में आया है। यहां पूर्व में पकड़े गए शनि नेहरा का नाम वहां के मामले में प्रकाश में आ रहा है। यहां की पूरी डिटेल वहां के इंसपेक्टर ने मांगी है। वैसे बंगलुरू में हुए ठगी के मामले की डिटेल भी मांगी गई है। उम्मीद है कि दो- चार दिनों के भीतर बंगलुरू की पुलिस टीम यहां आ सकती है। यहां आने के बाद पुलिस टीम वारंट बी बनवाने का भी जिक्र की है। आगे बताया कि यहां पकड़े जाने के बाद हुई पूछताछ में यह जानकारी मिली थी कि यह गैंग अधिकतर विदेशों में रहने वाले लोगों का क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड की डिटेल चुरा कर ऑनलाइन शॉपिंग करता था। इधर मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच के जरिए की जा रही है। ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि इस गैंग में कौन- कौन और लोग शामिल है। पुलिस का उन तक पहुंचना चुनौती से कम नहीं है। किस कूरियर कंपनी और डाकखाने से किन- किन लोगों के पते से आन लाइन शॉपिंग के सामनों को पहुंचाया गया है। कहीं यह लोग भी तो गिरोह में शामिल नहीं है। ऐसे में गिरोह के जाल को तोड़ने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पडे़गी। एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि क्राइम ब्रांच के जरिए की जा रही मामले की विवेचना की मानीटरिंग भी की हो रही है। विवेचना में जो नए तथ्य आएंगे, उसे भी इसमें शामिल कराते हुए आगे की कार्रवाई कराई जाएगी।