धनघटा के बेलराई में विधिक साक्षरता शिविर को संबोधित करते एडीजे- स्रोत सूचना
संतकबीरनगर। जनपद न्यायाधीश मोहन लाल विश्वकर्मा के निर्देशन में ग्राम पंचायत भवन बेलराई में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज देवेन्द्र नाथ गोस्वामी ने कहा कि गांव समाज में ऐसे बुजुर्ग जिनके संतान उन्हें घर से निष्कासित कर दिए हैं अथवा प्रताड़ित करते हैं वे बुजुर्ग अपने भरण पोषण के लिए न्यायालय अथवा संबंधित पीठासीन अधिकारी के समक्ष दावा दाखिल कर सकते हैं।
शिविर में गांव के नागरिकों की सहभागिता में गांववासियों को विधिक सेवा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अति दूरस्थ इलाकों में विधिक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने के क्रम में लीगल एड क्लिनिक स्थापना के बारे में भी बताया गया। डिप्टी चीफ संजीव पांडेय ने बंदीजन को मुफ्त विधिक सेवा सहायता के बारे में विस्तार से बताया। तहसीलदार धनघटा राम जी ने तहसील स्तर पर संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, लेखपाल रवि सिंह, पीएलवी लल्लन यादव आदि मौजूद रहे।