संतकबीरनगर। लोक निर्माण विभाग ठेकेदार संघ के बैनर तले सोमवार को जिले के ठेकेदारों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। ठेकेदारों का कहना है कि अनुरक्षण कार्य में पूर्व के नियम दो साल को हटाकर पांच वर्ष कर दिया गया है। इसे कम किया जाए। इस दौरान सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम महेंद्र सिंह तंवर को सौंपा गया।
ठेकेदार दीपक उपाध्याय ने कहा कि निविदा आमंत्रण में ली जा रही 10 प्रतिशत जमानत धनराशि के स्थान पर पूर्व के तरह दो प्रतिशत जमानत धनराशि ली जाए। शेड्यूल ऑफ रेट के रिवाइज में समय पर संशोधन कराया जाए। ग्रामीण मार्ग पर ढुलाई के संबंध में उच्चस्तरीय समिति में भी निर्णय हो चुका है। मगर, अब तक लागू नहीं किया गया है। इसे तत्काल लागू कराया जाए। उन्होंने कहा कि रायल्टी के संबंध में बनाए गए नियम को पूर्व की भांति सरकारी कार्यों में ठेकेदारों के देयकों की कटौती की जाए। डिपॉजिट मद में लंबित भुगतान की कार्रवाई अतिशीघ्र ब्याज सहित कराया जाए। उन्होंने डीएम को पत्रक सौंपकर समस्या निराकरण की मांग की है।
इस दौरान सर्वेंद्र सिंह, मुकेश उपाध्याय, संजय श्रीवास्तव, इंद्रेश यादव, राकेश सिंह, प्रमोद गुप्ता, दिलीप अग्रहरि, अनिल राय, अशोक सिंह, राजेश राय आदि मौजूद रहे।