संतकबीरनगर। मौसम में तल्खी के चलते लोग गर्मी से बेहाल हैं। वहीं बिजली कटौती और बार-बार की ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। यही नहीं शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए कराए जा रहे कार्य भी पूरे नहीं हुए है। जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
विद्युत निगम ने फरवरी माह तक ही शहर में बिजली आपूर्ति में सुधार के कार्य पूर्ण कराने का दावा किया था, लेकिन अब भी कहीं जर्जर तार बदले जा रहे हैं तो जहां तार बदले गए हैं वहां लोगों के घरों में कनेक्शन देने का कार्य चल रहा है।
जिसके कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। वर्तमान में शहर के घोरखल में उपभोक्ताओं को केबिल से कनेक्शन जोड़ने के लिए डीपी लगाने के साथ ही कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही बिजली की ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है।
बार-बार बिजली गुल हो रही है तो ट्रांसफार्मर भी बीच-बीच में दगा दे जा रहे हैं। जिससे उपभोक्ता परेशान हैं। दूसरी तरफ गर्मी का असर भी देखने को मिल रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। ऐसे में लोग घरों में रहने को मजबूर हो रहे हैं, लेकिन बिजली गुल रहने से पंखा, कूलर बेकार होने से लोगों को घर में भी चैन नहीं मिल पा रहा है।