डीपीआरओ अष्ट प्रकाश त्रिपाठी ने बुधवार को बघौली ब्लॉक क्षेत्र के रक्शाकोल गांव का निरीक्षण किया। जहां शौचालय निर्माण में कमियां मिलने पर प्रधान और सचिव को फटकार लगाई। जबकि अनुपस्थित सफाईकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
डीपीआरओ ने बताया कि बघौली क्षेत्र के रक्शा कोल ग्राम पंचायत के तीन राजस्व गांव ओडीएफ घोषित हुए है। रक्शाकोल गांव पहुंच कर शौचालय निर्माण की जांच की। जांच में शौचालय निर्माण में कुछ कमियां मिलीं। जिस पर प्रधान और सचिव दीप श्रीवास्तव को फटकार लगाई। सचिव को निर्देश दिया है कि प्रधान के सहयोग से निर्माण में जो भी कमियां हैं, उसे दूर कराएं।
जांच के दौरान सफाई कर्मी दिलीप कुमार अनुपस्थित पाए गए। सफाई कार्य संतोषजनक नहीं मिला। जिसकी वजह से सफाई कर्मी को निलंबित कर दिया। निलंबित सफाई कर्मी को ब्लॉक मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। जांच में पाया गया कि गांव में बने शतप्रतिशत शौचालयों का उपयोग गांव के लोग कर रहे हैं। खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए चलाए गए अभियान को आगे बढ़ाना है। लोग जागरूक हों और स्वयं शौचालय निर्माण कराने के पश्चात आर्थिक प्रोत्साहन राशि के लिए आवेदन करें।