संतकबीरनगर। चर्चित ब्रिटिश मौलाना के बेेटे और पत्नी ने अपने काले कारनामों का पर्दाफाश करने वालों को सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फंसाने की साजिश रची। रुपये और जमीन का लालच देकर गोरखपुर की रहने वाली एक युवती से शिकायत कराई। हालांकि, पुलिस की जांच में हकीकत सामने आ गई। इसके बाद एसपी ने ब्रिटिश मौलाना की पत्नी-बेटे और आरोप लगाने वाली युवती और उसकी मां के खिलाफ केस दर्ज कराने का आदेश दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के सहंसराव गांव निवासी अब्दुल हकीम खान ने एसपी को दिए शिकायत पत्र में बताया है कि वह बरदहिया रोड पर एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। उनका आरोप है कि चर्चित ब्रिटिश मौलाना शमसुल हुदा खान के बेटे मौलाना तौसीफ रजा खान और पत्नी सकलैन खातून आपराधिक प्रवृत्ति के हैं तथा देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं। उनका संबंध पाकिस्तानी संगठन दावते इस्लामी से भी है। उनके खिलाफ कोतवाली खलीलाबाद में जालसाजी, सरकारी दस्तावेजों में धोखाधड़ी, गबन एवं देश-विरोधी गतिविधियों से संबंधित गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और कई संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। विभिन्न एजेंसियां जांच कर रहीं हैं।
अब्दुल ने एसपी को दिए पत्र में बताया है कि उनकी ही शिकायत पर मौलाना तौसीफ रजा खान के खिलाफ जांच और कार्रवाई हुई है इसलिए तौसीफ उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने और फर्जी केस में फंसाने की धमकी देते रहे हैं। अब्दुल का कहना है कि 19 जून की दोपहर में उनके मोबाइल पर कोतवाली खलीलाबाद से फोन आया और उन्हें तत्काल बुलाया गया। वह अपने भतीजों के साथ थाने पहुंचे तो वहां बताया गया कि उन पर और भतीजों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप है।
पुलिस का कहना था कि एक लड़की ने आरोप लगाया है कि 7 जून को अब्दुल के ग्राहक सेवा केंद्र में सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोप लगाने वाली गोरखपुर की रहने लड़की अपनी मां के साथ वहां मौजूद थी। अब्दुल ने बताया कि वह लड़की और महिला को नहीं जानते थे और न ही पहले कभी उन्होंने देखा था। इस मामले में उनसे करीब आठ घंटे तक थाने में पूछताछ की गई। अब्दुल का कहना था कि 7 जून को बकरीद होने के कारण उनका केंद्र बंद था।