संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन हुआ। जिसमें अधिकारियों की उपस्थिति में डीएम ने किसानों की फरियाद को सुनकर उसका निस्तारण किया। साथ ही जिम्मेदारों को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उसके निस्तारण के आदेश दिए।
डीएम ने अधिकारियों को 30 अप्रैल तक फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। पूर्व की बैठक में नाथनगर के कृषक राजेंद्र राय ने मांग के प्रत्येक विकास खंड में 7 से 8 गेहूं क्रय केंद्र खोले जाने की मांग पर संबंधित अधिकारी की तरफ से 63 केंद्र संचालित होने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने 10 कुंतल धान का भुगतान न होने पर स्पष्टीकरण मांगा। मार्तेंद्र प्रताप सिंह भारतीय किसान यूनियन ने कहा कि गेहूं खरीद में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने के बाद भी पारदर्शी व्यवस्था नहीं हो पा रही है। खरीद नहीं होने के बाद भी केंद्र पर प्रतिदिन खरीद का लक्ष्य कैसे पूरा कर दिया जा रहा है जो कि शासन कि निर्देशों की अवहेलना है एवं इसमें बोरे की कमी बताकर किसानों को गुमराह किया जा रहा है। डीएम ने गेहूं खरीद को अत्यंत पारदर्शी व्यवस्था के तहत चलाए जाने का आदेश दिया और कहा कि कोई भी शिकायत प्राप्त होने पर सम्बंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि जितने भी लोग फार्मर रजिस्ट्री करा चुके हैं एवं उनके संपर्क में अगर कोई फार्मर रजिस्ट्री नहीं करा पाए हैं तो उसको फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए जागरूक करें। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, उप कृषि निदेशक डॉ राकेश कुमार सिंह सहित जनपद के प्रगतिशील कृषक, कृषक यूनियन के पदाधिकारी एवं जनपद स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।