धनघटा तहसील में फरियाद सुनते डीएम
संतकबीरनगर। जनपद के तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों के समक्ष कोई तीन बार तो कोई दो बार प्रार्थना पत्र लेकर दौड़ लगा रहे है। लेकिन उनकी बातों को सुनकर समस्या के समाधान का आश्वासन मिल रहा है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। जिससे फरियादी निराश हो जा रहे है।
मेंहदावल तहसील पर आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर भरवलिया पांडेय गांव निवासी चंद्रेश यादव अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड से उनके पुत्र का नाम काट दिया गया है। पुनः नाम अंकित कराने के लिए लगातार आपूर्ति विभाग से शिकायत दर्ज करा रहा हूं। लेकिन मेरी समस्या का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। तीन बार तहसील दिवस में भी शिकायती पत्र देकर समस्या के समाधान का निवेदन किया लेकिन अभी तक मेरे पुत्र का नाम राशन कार्ड में नहीं जोड़ा गया। चौथी बार संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में आया हूं। इस उम्मीद के साथ की जिम्मेदार अधिकारी मेरे समस्या का समाधान करेंगे। लेकिन फिर आश्वासन ही मिला है।
इसी तरह से मेंहदावल नगर पंचायत के नौदरी गांव निवासी सर्वजीत भी अपनी पीड़ा लेकर पहुंचे। उनका कहना है कि बहला फुसलाकर कर गाटा संख्या 172 में कुछ लोगों ने बैनामा करा लिया। जिस पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। रोक टोक के बाद मारपीट के लिए उतारू हो जाते हैं। इसकी शिकायत पहले भी की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। संपूर्ण तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाई है। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित को दिशा निर्देश दिया।