बंद रहीं दुकानें, सड़कों पर सन्नाटा
जरूरी सामग्रियों की खरीदारी के लिए भटकते रहे ग्राहक
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। छठवें चरण के विधानसभा चुनाव के चलते बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों के चौक-चौराहों की दुुकानें पूरी तरह से बंद रहीं। इससे ग्राहक रोजमर्रा मसलन दूध, सब्जी आदि जैसी आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी के लिए भटकते नजर आएं। वहीं, दुकानों के नहीं खुलने से सड़कों पर भी सन्नाटा दिखाई दिया।
जिला मुख्यालय स्थित गोलाबाजार, बैंक चौराहा, मोती चौक, मेंहदावल बाईपास चौराहा, बरदहिया बाजार आदि स्थानों की दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। ऐसे में ग्राहकों को सुबह में रोजर्मरा जैसी दूध, तेल, मसाला और सब्जी आदि की खरीदारी के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान पर भटकना पड़ा। ग्राहक राहुल वर्मा ने बताया कि सुबह में दुकान न खुलने से दूध नहीं मिल सका। घर में छोटे बच्चे होने की वजह से परेशानी हुई। पड़ोस से दूध लेकर किसी तरह से काम चलाया गया। वहीं, कुछ इस तरह के हालात ग्रामीण क्षेत्र बनियारी, बनकटवां चौराहा, बयारे चौराहा, मैनसिर चौराहा, देवरिया गंगा आदि स्थानों पर भी दिखाई दिए। जहां की दुकानें चुनाव के चलते पूरी तरह बंद रहीं। इनके बंद रहने से सड़कों पर भी सन्नाटा रहा। अमूमन सामान्य दिनों में जहां चहल-पहल से सड़कें और चौक गुलजार रहते थे, वहीं, आज पूरी तरह से वीरान नजर आएं।
नहीं मिले वाहन, हलकान रहे यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए सरकारी बसों सहित प्राइवेट वाहनों को भी लगा दिया गया था। जिससे यात्रियों को अपने स्थानों पर पहुंचने के लिए काफी परेशान होना पड़ा। यात्री अपने सिर पर सामान लेकर इधर-उधर भटकते रहे।
खलीलाबाद के मेंहदावल बाईपास चौराहे पर बस स्टैंड पर यात्री तो रहे, लेकिन वाहन नदारत रहे। यात्री काफी देर तक बसों का इंतजार करते रहे, लेकिन बसे इक्का-दुक्का ही आईं। कुछ यात्री वाहन न मिलने पर माल ढोने वाले टेंपो मेें ही सवार होकर यात्रा करने लगे। यही हाल मुखलिसपुर टैक्सी स्टैंड का रहा। वहां पर वाहन न मिलने से यात्री परेशान रहे।