संतकबीरनगर। सिविल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की घोषणा सोमवार को वरिष्ठ अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष श्याम बिहारी लाल श्रीवास्तव ने की है। चुनाव को लेकर दीवानी न्यायालय में हलचल तेज हो गई है।
उन्होंने बताया कि 09 सितंबर को 11 बजे से 10 सितंबर शाम 3 बजे तक नामांकन पत्र लिया जा सकता है और जमा किया जा सकता है। 11 सितंबर को सायं 2 बजे तक नामांकन पत्रों की वापसी तथा 12 सितंबर को उम्मीदवारों के पर्चों पर आपत्ति, जांच के उपरांत उसी दिन प्रत्याशियों नामों की घोषणा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को सुबह 09 बजे से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ होकर अपराह्न 3 बजे तक चलेगा। तत्पश्चात उसी दिन साय 3:30 बजे से मतगणना संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि मतदान के दिन मतदान करते समय सभी मतदाता अधिवक्ता को अपना सीओपी कार्ड लाना अनिवार्य होगा। सहायक चुनाव अधिकारी अनिल कुमार दुबे ने बताया कि नामांकन संबंधी सभी प्रक्रिया वरिष्ठ अधिवक्ता समिति सदस्य ओंकार नाथ चौरसिया एडवोकेट के चैंबर में संपन्न की जाएगी।
376 मतदाता करेंगे मतदान
सिविल बार एसोसिएशन संत कबीर नगर के कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार मिश्र की अध्यक्षता में संपन्न हुई। पूर्व घोषित वरिष्ठ अधिवक्ता समिति में नियुक्त सदस्य इन्द्र देव यादव एडवोकेट व राज बहादुर एडवोकेट के असमर्थता के कारण उनके स्थान पर भगवान दास यादव एडवोकेट व शिव प्रकाश शुक्ल एडवोकेट को वरिष्ठ अधिवक्ता समिति का सदस्य सर्वसम्मति से बनाया गया है। पांच सदस्यीय वरिष्ठ अधिवक्ता समिति में अध्यक्ष श्याम बिहारी श्रीवास्तव, ओंकार नाथ चौरसिया, संपूर्णा नन्द पाठक, भगवान दास यादव, शिव प्रकाश शुक्ल है। 376 अधिवक्ता मतदाता 18 सितंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करने वाले है।
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत 22 पदों पर होगा चुनाव
सिविल बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष दो पद, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री प्रशासन, संयुक्त मंत्री प्रसार, संयुक्त मंत्री पुस्तकालय, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य (6) कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य (6) समेत कुल 22 पद पर चुनाव संपन्न होगा।