छुट्टा पशुओं को गो आश्रय केंद्र में भेजें : सीडीओ
- सीडीओ ने सेमरियावां ब्लॉक के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। सीडीओ सुरेंद्रनाथ श्रीवास्तव ने शनिवार को जूम ऐप के माध्यम से सेमरियावां ब्लॉक के ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, एडीओ पंचायत व बीडीओ के साथ वर्चुअल बैठक की। गो आश्रय पर पशुओं को ठंड से बचाव की व्यवस्था किए जाने का निर्देश दिया। साथ ही छुट्टा पशुओं को पकड़वाकर गो आश्रय में रखने का निर्देश दिया।
सीडीओ ने कहा कि ब्लॉक के जिगिना, गरथवलिया, जगदीश पुर उर्फ लहुरादेवा, रायपुर छपिया उर्फ ठोका आदि गांवों में बने गो आश्रय में पशुओं को ठंड से बचाव व खानपान की बेहतर व्यवस्था की जाए। गो आश्रय केंद्र में पुआल, अलाव और पन्नी की व्यवस्था की जाए। ग्राम प्रधान छुट्टा पशुओं को पकड़वाने में ग्राम सचिव की मदद करें। पशुओं को ठंड से बचाव के लिए समुचित व्यवस्था की जाए। सीडीओ ने कहा कि बीडीओ, एडीओ पंचायत, ग्राम सचिव सभी की जिम्मेदारी है कि छुट्टा पशु को पकड़वाकर गो आश्रय में हर हाल में पहुंचाया जाए। इसमें लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बीडीओ हरिपूजन सिंह, एडीओ पंचायत मैनुद्दीन सिद्दीकी, ग्राम सचिव रजनी सिंह, असदुल्लाह खान, सौरभ चौधरी, शिवेंद्र कुमार, विमला यादव, सुनीता मिश्रा, निधि मिश्रा, आलोक कुमार गुप्ता, अनिल चौधरी, राहुल यादव, मो अफजल, ग्राम प्रधान अफजाल अहमद, अब्दुल हकीम, अंजनी देवी और राम सुमेर आदि मौजूद थे।