आरोपित युवक और उसके घरवालों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के मुठही कला में गुटखा के विवाद में पिटाई से युवक की हुई मौत के मामले में सोमवार देर शाम पुलिस ने आरोपित युवक और उसके घरवालों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ करने में जुटी थी।
मुठही कला निवासी साधन सहकारी समिति में सचिव पद से सेवानिवृत्त रामपति सिंह के 35 वर्षीय बेटे कृष्ण मुरारी सिंह सोमवार शाम पत्नी को बाइक पर बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौरी बाजार ले गए थे। जहां पत्नी का इलाज कराए और शाम करीब सात बजे घर लौटे। जब वह घर से निकलने लगे तो पत्नी ने उन्हें बाहर जाने से रोका, लेकिन पत्नी की बात को अनसुना करते हुए कृष्ण मुरारी गांव में स्थित गुटखे की दुकान पर पहुंच गए। दुकान पर उनका मित्र पहले से ही मौजूद था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुटखा खाने को लेकर कृष्ण मुरारी और उसके मित्र के बीच बात होते-होते मारपीट की नौबत आ गई। दुकान पर मारपीट के बाद दोनों के बीच फिर गांव में मारपीट हुई। जिसमें कृष्ण मुरारी को गंभीर चोट आई और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो परिजन पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कृष्ण मुरारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले गए, जहां देखते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पीड़ित पत्नी स्नेहलता सिंह का आरोप है कि उसके पति कृष्ण मुरारी को गांव निवासी राम सिंह और उनके घरवालों ने लाठी-डंडों से पीट-पीट कर मार डाला। एसओ विनय पाठक ने बताया कि स्नेहलता की तहरीर पर आरोपी राम सिंह और उसके घरवालों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, आगे वैसी कार्रवाई की जाएगी।