बालू खनन का पट्टा दिलाने के नाम पर हड़पे 74.65 लाख रुपये
धनघटा। बालू खनन का पट्टा दिलाने के नाम पर 74.65 लाख रुपये लेकर हड़प लेने के आरोप में लखनऊ की एक ट्रेडर्स कंपनी के एमडी पर मंगलवार को महुली पुलिस ने केस दर्ज किया। पुलिस ने यह कार्रवाई नीबाहोरिल गांव के रहने वाले पीड़ित की तहरीर पर की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नीबाहोरील निवासी राम ललित प्रसाद पुत्र रामपत का आरोप है कि लखनऊ क्षेत्र के मुलायमनगर इस्माइलगंज में स्थित मां गायत्री ट्रेडर्स के एमडी इंद्रासन मौर्य से उनकी मुलाकात हुई। आरोप है कि इंद्रासन ने उन्हें कौशाम्बी जिले में बालू खनन का पट्टा दिलाने का झांसा दिया। इसके एवज में पैसे की मांग की। 13 मार्च 22 को वह नाथनगर स्थित बैंक से मां गायत्री एमडी के खाते में 74.65 लाख रुपये भेज दिए। कुछ समय इंतजार के बाद जब काम नहीं हुआ तो इंद्रासन से संपर्क किया। आरोप है कि दिए रुपये की मांग की तो उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए जानमाल की धमकी दी। एसओ केडी सिंह ने बताया कि राम ललित की तहरीर के आधार पर मां गायत्री ट्रेडर्स के एमडी इंद्रासन मौर्य के खिलाफ जालसाजी, गबन, जानमाल की धमकी एवं एससी/एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, आगे वैसी कार्रवाई की जाएगी। संवाद