मतदान बाद प्रत्याशियों का हाल : कार्यकर्ताओं से लिया इनपुट, मिटाई थकान
संतकबीरनगर। मतदान के बाद शुक्रवार को प्रत्याशी आराम के मूड में दिखे। हालांकि कम मतदान होने से चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ दिख रही थी। राजनीतिक दलों के प्रत्याशी अपने वरिष्ठ सक्रिय कार्यकर्ताओं से अपने नफा-नुकसान का आंकलन करते भी देखे गए।
खलीलाबाद सीट : भाजपा प्रत्याशी अंकुर राज तिवारी सुबह छह बजे सो कर उठे और तैयार होकर घर पर जुटे कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच गए। कार्यकर्ताओं से मतदान के बारे में चर्चा की। शाम करीब चार बजे खलीलाबाद के नेदुला स्थित कार्यालय पर पहुंचे और वरिष्ठ सक्रिय कार्यकर्ताओें से बूथवार जानकारी हासिल की। अंकुर राज ने बताया कि चुनाव के दौरान सिर्फ दो से तीन घंटे ही सो पाए थे। अब फुर्सत मिली है, तो थकान मिटा रहा हूं। सपा प्रत्याशी दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे महुली क्षेत्र स्थित पैतृक आवास भिटहा में सुबह नौ बजे अपने भाई डॉक्टर उदय प्रताप चतुर्वेदी, राकेश चतुर्वेदी और करीबियों के साथ मंत्रणा करते मिले। इसके बाद वे कार्यकर्ताओं से मिले। बताया कि रात 12 बजे सोए और सुबह सात बजे उठ गए। काफी दिनों से नींद पूरी नहीं हुई थी। इसलिए भरपूर नींद ली। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी डॉक्टर अमरेंद्र भूषण पांडेय अपने तितौवा स्थित आवास पर समर्थकों के साथ बैठकर बातचीत करते मिले। बूथवार वोटों के बारे में जानकारी हासिल की। कांग्रेस प्रत्याशी ने बताया कि उन्हें प्रियंका गांधी वाड्रा के वाराणसी कार्यक्रम में जाना है।
मेंहदावल सीट : सपा प्रत्याशी जयराम पांडेय तितौवा स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं से बातचीत करते मिले। चुनाव की थकान और कम नींद का असर उनके चेहरे पर साफ दिख रहा था। उन्होंने कहा कि दो घंटे सोने के बाद कार्यकर्ताओं से बूथवार जानकारी ली। वहीं भाजपा और निषाद पार्टी गठबंधन प्रत्याशी अनिल कुमार त्रिपाठी सुबह साढ़े नौ बजे करमाकला अपने आवास पर समर्थकों के साथ चर्चा करते मिले। बूथवार कार्यकर्ताओं से वोटों का जोड़-घटाव कर रहे थे। वे खुद की जीत के प्रति आश्वस्त दिखे। बसपा प्रत्याशी पूर्व विधायक मोहम्मद ताबिश खां राजेडीहा स्थित अपने कार्यालय पर समर्थकों के साथ मंत्रणा कर रहे थे। वे समर्थकों से बूथवार जानकारी हासिल की। उन्होंने बताया कि पूरे चुनाव में दो घंटे से अधिक नहीं सो पाए थे। अब फुर्सत मिली है तो थकान मिटाएंगे।
धनघटा सीट : भाजपा प्रत्याशी गणेशचंद्र चौहान सुबह सात बजे अपने खलीलाबाद स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करते मिले। कार्यकर्ताओं से बूथवार वोटों के बारे में जानकारी हासिल की। पूछने पर बताया कि चुनाव में दो घंटे से अधिक नहीं सो पाए थे। सोचा था कि ठीक से सोएंगे, लेकिन सुबह पांच बजे से ही कार्यकर्ताओं का फोन बजने लगा तो नींद टूट गई। वे घोसी में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने के लिए रवाना हो गए। इसी तरह सपा और सुभासपा प्रत्याशी अलगू प्रसाद चौहान अपने आवास नाथनगर में कार्यकर्ताओं से बातचीत कर जानकारी हासिल की। जबकि बसपा प्रत्याशी संतोष बेलदार अपने भरवल पर्वता स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं से बातचीत कर चुनाव का हाल जाना।