संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र के छपिया गांव में पुरानी रंजिश में दबंगों ने एक व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसओ सतीश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित हृदय प्रकाश के अनुसार दो अप्रैल 2026 को सुबह करीब 8:00 बजे वह अपने घर के पास स्थित जमीन पर सफाई कर रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग एकजुट होकर उनकी जमीन में कूड़ा-करकट फेंकने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गालियां देते हुए उनको मारने के लिए दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए वह घर में छिप गए, लेकिन आरोपियों ने घर में घुसकर लात-घूंसे और थप्पड़ों से उसकी पिटाई कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे परिजन को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की। आरोपियों ने घर का सामान भी तोड़-फोड़ दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कराया। घटना का ऑडियो-वीडियो भी मौजूद है। आरोप है कि जाते समय दबंगों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद से आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।
एसओ ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी रामशंकर, रामचंद्र, प्रवीण कुमार, बृजेश, ललम उर्फ शुभम, आयुष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।