बसपा ने खलीलाबाद विधान सभा क्षेत्र का प्रभारी बदला
सुबोध यादव की जगह आफताब आलम उर्फ गुड्डू बने प्रभारी
मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में घनश्याम चंद्र खरवार ने की घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बहुजन समाज पार्टी का मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन शनिवार को मनियरा स्थित एक मैरेज हाल में पूर्व विधायक एवं मुख्य सेक्टर प्रभारी भगवान दास की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इसमें मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं सेक्टर प्रभारी घनश्याम चंद्र खरवार ने बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के दिशा निर्देश पर खलीलाबाद विधान सभा क्षेत्र का प्रभारी बदलने की घोषणा करते हुए अफताब आलम उर्फ गुड्डू को प्रभारी/प्रत्याशी बनाने की घोषणा की। इससे पहले पूर्व सांसद स्वर्गीय भालचंद्र यादव के पुत्र एवं खलीलाबाद विधान सभा क्षेत्र के प्रभारी रहे सुबोध यादव और उनके समर्थकों को झटका लगा है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में घनश्यामचंद्र खरवार ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी सर्व समाज के हित में कार्य कर रही है। आगामी विधान सभा चुनाव में पार्टी फिर मजबूती के साथ सत्ता में वापसी करेगी। इसके लिए कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ जुट जाएं। खलीलाबाद विधान सभा क्षेत्र के प्रभारी बनाए गए आफताब आलम उर्फ गुड्डू ने कहा कि पार्टी और बहन मायावती ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं व आम जनमानस के हितों की लड़ाई लड़ने व जनहित के मुद्दों पर सर्व समाज के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया। सम्मेलन में मुख्य सेक्टर प्रभारी बस्ती मंडल केके गौतम, यशोदानंद निषाद, लालचंद्र निषाद, कल्पनाथ बाबू, झिनकान प्रसाद, अवनीश कुमार, राम तिलक, राम सिधारे, राम जपित राजभर, राजेंद्र प्रसाद आजाद, रामराज मौर्य, जिलाध्यक्ष धर्मदेव प्रियदर्शी, धनंजय सिंह, रामू प्रसाद चौधरी, अख्तर खान, सुशील पांडेय, राणा महातम प्रसाद, अभिषेक कुमार, प्रमोद निषाद, राजीव कुमार, आरसी राव, रामवृक्ष, अब्दुल मतीन, राजू प्रजापति, ब्रह्मदेव चौधरी, ओम प्रकाश, शोमनाथ बौद्ध, अमरेश पाल आदि मौजूद रहे।