हरिहरपुर/ महुली। क्षेत्र के धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर भगता गांव के पास बुधवार को ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें कार चला रहे दूल्हे के जीजा की मौत हो गई। जबकि दूल्हा-दुल्हन और उनकी भांजी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर एसओ महुली दुर्गेश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार धनघटा क्षेत्र के हैंसर निवासी अजय वर्मा की शादी 21 अप्रैल को दुधारा क्षेत्र के दानोकुइयां गांव निवासी ध्रुवचंद की पुत्री बबिता सोनी के साथ हुई। शादी समारोह बस्ती के एक मैरिज हाल में हुआ। विवाह के बाद बुधवार को दुल्हन की विदाई हुई। अजय वर्मा पत्नी को लेकर कार से घर आ रहे थे। जिस कार में दूल्हा-दुल्हन और उनकी भांजी नैना सवार थीं उसे दूल्हे के जीजा संतोष सोनी चला रहे थे। दिन के 11 बजे कार जैसे ही धनघटा-खलीलाबाद सड़क पर भगता गांव के समीप पहुंची कि सामने से आ रहे ट्रक ने कार में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार चला रहे बस्ती के पैकवलिया गांव निवासी संतोष सोनी को गंभीर चोटें आईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कार सवार दुल्हा-दुल्हन और उनकी भांजी नैना सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची महुली पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां घायलों का इलाज चल रहा है। संतोष के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एसओ दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।