संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता को जलाकर मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव निवासी परशुराम चौधरी ने बताया कि उनकी भतीजी अंकिता चौधरी की चार जून 2021 को बखिरा थाना क्षेत्र के बंधवा गांव निवासी विजय सेन चौधरी के साथ लव मैरिज हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद होते रहते थे, जिसे लेकर आए दिन गाली गलौज और मारपीट होती थी।
आरोप है कि 14 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3:00 बजे विजय सेन चौधरी ने अंकिता के साथ मारपीट की और उसके कपड़ों में माचिस से आग लगाने का प्रयास किया। जब अंकिता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे आग के हवाले कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद आरोपी उसे जिला अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वर्तमान में वहां उसका इलाज जारी है।
ससुराल में उसके ससुर पाटेश्वरी चौधरी, सास सरस्वती देवी और चाची सास मीरा देवी भी उसे प्रताड़ित करते थे और मारपीट करते थे।
एसओ सतीश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामले में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।