संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र के अजगरा गांव की निवासी मनीषा यादव ने अपने जीजा पर पिता की संपत्ति से जुड़े 15 लाख रुपये हड़पने और हिस्सेदारी देने से इन्कार करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना बखिरा में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में आरोपी जीजा के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
मनीषा यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके माता-पिता का निधन हो चुका है। वह छह बहनें हैं, जिनमें पांच की शादी हो चुकी है। उनके पिता ने जीवनकाल में अपनी संपत्ति सभी बेटियों के नाम वसीयत कर दी थी।
आरोप है कि पिता ने मुंबई में फ्लैट खरीदने के लिए एक बिल्डर को 24 लाख रुपये दिए थे, लेकिन किसी कारणवश फ्लैट का बैनामा नहीं हो सका। बाद में पिता के निधन के उपरांत बिल्डर ने 24 लाख रुपये में से 15 लाख रुपये बहन रीता के पति शैलेंद्र यादव के खाते में वापस कर दिए।
पीड़िता का कहना है कि शैलेंद्र यादव ने सभी बहनों के बीच रकम बराबर-बराबर बांटने का आश्वासन दिया था। इसके लिए सभी की सहमति से एक पत्र भी तैयार किया गया था। आरोप है कि रुपये मिलने के बाद तीन माह तक शैलेंद्र यादव ने किसी को कोई भुगतान नहीं किया।
मामले की शिकायत पहले क्षेत्राधिकारी मेंहदावल और राजेड़ीहा चौकी में की गई थी। वहां दोनों पक्षों को बुलाया गया, जहां शैलेंद्र यादव ने रुपये देने की बात स्वीकार की थी। इसके बावजूद अब वह रकम देने से इन्कार कर रहे हैं।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि रुपये मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जाती है। साथ ही महाराष्ट्र में स्थित जमीन और मकान से जुड़े दस्तावेज भी अपने कब्जे में रख लिए हैं, ताकि अन्य बहनों को उनका हिस्सा न मिल सके।
एसओ उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि मामले में आरोपी शैलेंद्र यादव निवासी प्रतापपुर, थाना बखिरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।