सेमरियावां। क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय नबीपुर का हैंडपंप आठ दिन से खराब पड़ा है। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालने के लिए खोदाई करने के दौरान हैंडपंप का पाइप टूट गया।
प्रधानाध्यापक का कहना है कि प्रशासन को इस मामले से अवगत करा चुके हैं। यहां पढ़ने वाले बच्चे अगल-बगल के घरों में पानी के लिए इधर-उधर घूमते हैं। अभिभावकों का कहना है कि प्रशासन का रवैया बेहद खेदजनक है। बच्चों को घर से पानी लाना मजबूरी बन गया है।
नबीपुर गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में 30 बच्चे पढ़ते हैं। इन बच्चों के लिए स्कूल में एक हैंडपंप की व्यवस्था है। 31 जनवरी को जल जीवन मिशन के ठेकेदार द्वारा पाइपलाइन डालने के लिए खोदाई किया, जिससे हैंडपंप और सबमर्सिबल का पाइप टूट गया है। प्रधानाध्यापक ज्ञान चंद्र ने ठेकेदार से कई बार पाइप ठीक कराने के लिए कहा। बच्चों व शिक्षकों के लिए पानी की समस्या बताई गई, लेकिन हैंडपंप को ठीक कराने के लिए किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसके चलते बच्चे बोतल में पानी लेकर स्कूल पहुंचते हैं। जो बच्चे बोतल से पानी नहीं ले आ पाते वह स्कूल के बगल के घरों में पानी के लिए भटकते हैं।
प्रधानाध्यापक का कहना है कि मध्याह्न भोजन बनाने के लिए भी पानी इधर-उधर से लाना पड़ता है। वह खराब हैंडपंप की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई। बच्चों को खराब हैंडपंप से पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में प्रधान जमालुद्दीन ने कहा कि जल जीवन मिशन के ठेकेदार के पाइप तोड़ देने से हैंडपंप खराब होने की शिकायत मिली है। विभाग से शिकायत की गई है। जल्द ही व्यवस्था को दुरुस्त कराई जाएगी। इसके अलावा प्रशासन से भी बात की जाएगी।