संतकबीरनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से होने वाली बोर्ड परीक्षा में इस बार किसी तरीके की गड़बड़ी नहीं हो सकेगी। यूपी बोर्ड ने निर्धारित परीक्षा केंद्रों को यथाशीघ्र ऑनलाइन करने के लिए निर्देश जारी कर दिया है। सभी परीक्षा केंद्र प्रायोगिक परीक्षा के समय से ही बोर्ड की नजर में अगले आदेश तक ऑनलाइन रहेंगे। डीआईओएस ने सभी परीक्षा केंद्रों को निर्देश जारी कर दिया है।
जिले में 118 स्कूलों को इस बार बोर्ड ने परीक्षा केंद्र बनाया है। इन केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 55 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। इन केंद्रों पर सीसीटीवी की अनिवार्यता पहले से लागू है, लेकिन इस बार सीसीटीवी वायस रिकार्डर और डिजिटल वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था रहेगी। सभी केंद्रों पर इसकी व्यवस्था यथाशीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश जारी कर दिए गए है। प्रायोगिक परीक्षा के समय से ही इन केंद्रों को बोर्ड की नजर में लाने के लिए ऑनलाइन करना होगा। एक बार ऑनलाइन करने के बाद इसे बोर्ड के अगले आदेश के बाद ही ऑफलाइन किया जा सकता है। रात में भी यह नाइट विजन प्रणाली से लैस रखने के लिए भी निर्देश है।
कोट
यूपी बोर्ड ने बेहतर क्वालिटी का सीसीटीवी लगवाने के लिए निर्देशित किया है, जिससे ऑनलाइन मॉनिटरिंग में असुविधा न हो। सभी परीक्षा केंद्रों को इसकी जानकारी भेज दी गई है। निगरानी के लिए जिला स्तर पर भी कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जिससे परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी न होने पाएं।
-हरीशचंद नाथ, जिला विद्यालय निरीक्षक