संतकबीरनगर। बुधवार की देर रात कोतवाली क्षेत्र के डीघा के पास सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से बाइक टकरा गई। बाइक सवार की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार लखनऊ के इंदिरा नगर थाना के मयूर विहार के रहने वाले शेखर विशाल (32) पुत्र प्रताप सिंह बस्ती में रहकर किसी निजी फाइनेंस कंपनी में काम करते थे। बुधवार की देर रात 11 बजे के करीब वह बखिरा थाना के कोपियां गांव निवासी अपने मित्र राजेश कुमार पुत्र योगेंद्र के साथ किसी काम से बस्ती से गोरखपुर जा रहे थे। कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर स्थित डीघा ओवरब्रिज के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। डाक्टरों ने जांच के बाद शेखर विशाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि राजेश कुमार की हालत गंभीर देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। संवाद
-
वाहन की चपेट में आने से सहजनवां के युवक की मौत, साथी घायल
संकबीरनगर। घनघटा क्षेत्र के हैंसर के पास बुधवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार गोरखपुर के सहजनवां थाना क्षेत्र के गहासाड़ निवासी राहुल सिंह (28) पुत्र दिनेश सिंह बुधवार की रात शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से हैंसर आए थे। उनके साथ बाइक पर नीलेश वर्मा भी थे। रात करीब नौ बजे वह हैंसर के पास पहुंचे ही थे कि किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दिया, जिससे दोनों सड़क पर ही गिर गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी मलौली पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने देखते ही राहुल सिंह को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल नीलेश को लेकर गोरखपुर प्राइवेट अस्पताल चले गए। एसओ रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। संवाद