बीईओ को पीटा, गाड़ी में की तोड़फोड़
गोरखपुर जाते समय सहजनवां थाना क्षेत्र के सीहापार में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। नाथनगर ब्लॉक में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी ध्रुव प्रसाद जायसवाल को शुक्रवार की देर शाम गोरखपुर जाते समय कुछ अराजक तत्वों ने सहजनवां थाना क्षेत्र के सीहापार के पास मारपीट कर घायल कर दिया। इसके साथ ही उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई।
बीईओ ध्रुव प्रसाद जायसवाल ने बताया कि वह शुक्रवार की देर शाम गोरखपुर किसी काम से जा रहे थे। अभी वह सहजनवां थाना क्षेत्र के सीहापार ओवरब्रिज के पास पहुंचे ही थे कि पहले से मौजूद चार-पांच की संख्या में युवकों ने उन्हें रोक लिया और गाड़ी से उतारकर मारने-पीटने लगे। जिससे उन्हें काफी चोटें आई हैं। उनके सिर में भी चोट लगी है। इसके साथ ही उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। उसके बाद हमलावर फरार हो गए। सूचना पर बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए। साथ में मौजूद लोगों ने इसकी सूचना डॉयल 112 पर दी। सूचना पर पुलिस पहुुंच गई और जांच-पड़ताल में जुट गई। इस दौरान आसपास के लोग जुट गए। खंड शिक्षा अधिकारी ध्रुव प्रसाद जायसवाल का कहना है कि वह उन लोगों को पहचानते नहीं हैं। उन्हें क्यों मारापीटा, इसकी जानकारी नहीं है। उनका किसी से कोई भी विवाद नहीं है। घायल खंड शिक्षा अधिकारी को लोग सीएचसी सहजनवां ले गए। जहां उनका उपचार चल रहा है।