अन्न महोत्सव में लगा बार बालाओं का ठुमका
सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा वीडियो
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। विकास खंड पौली के बरगदवा गांव में गरीबों को निशुल्क अनाज वितरण करने के लिए आयोजित अन्न महोत्सव में बार बालाओं का खूब ठुमका लगा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पांच अगस्त को प्रधानमंत्री के जरिए अन्न महोत्सव का शुभारंभ किया गया। उसी के तहत जिले के भर कोटेदारों की दुकान पर टेलीविजन के जरिए पीएम के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ। इस दौरान कोटेदारों की दुकान से प्रति यूनिट पांच किलोग्राम अनाज का वितरण हुआ। क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री श्रीराम चौहान का कार्यक्रम कई जगहों पर लगा था। इसमें बरगदवा गांव भी शामिल होना बताया जाता है। मंत्री के आगमन के पूर्व आयोजित कार्यक्रम में बार बालाओं के डांस का आयोजन किया गया। इसमें बालाओं द्वारा लगाए जा रहे ठुमके पर युवा वर्ग झूम रहा था तो वृद्ध व महिलाएं वहां से हट जा रही थीं। इसी दौरान पता चला कि मंत्री कार्यक्रम में नहीं आ पा रहे हैं तो अनाज वितरण किया गया। बार बालाओं द्वारा लगाए जा रहे ठुमके का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।