बघौली ब्लॉक 237 अंक हासिल कर बना ऑलओवर चैंपियन
खलीलाबाद 143 अंक पाकर दूसरे और पौली ब्लॉक 139 अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर
तीन दिवसीय सांसद खेल स्पर्धा का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मान्यवर कांशीराम स्पोर्ट स्टेडियम में चल रहे सांसद खेल स्पर्धा का समापन रविवार को हुआ। तीन दिनों तक चले इस प्रतियोगिता में बघौली ब्लॉक ऑलओवर चैंपियन बना। दूसरे स्थान पर खलीलाबाद और तीसरे स्थान पर पौली ब्लॉक रहा। राज्य मंत्री श्रीराम चौहान और सांसद प्रवीण निषाद ने विजेता खिलाड़ियों को शील्ड व मेडल देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में दौड़, कुश्ती, लंबी कूद, क्षेपण, ऊंची कूद, खो-खो में 237 अंक पाकर बघौली ब्लॉक ने ऑलओवर चैंपियनशिप हासिल किया। खलीलाबाद ब्लॉक 143 अंक हासिल कर दूसरे स्थान पर रहा और 139 अंक हासिल कर पौली ब्लॉक तीसरे स्थान पर रहा। व्यक्तिगत चैंपियनशिप में प्राथमिक बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय मुठही खुर्द के शिवा यादव 50, 100 और 400 मीटर की दौड़ में टॉपर रहे। इसी तरह से बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय नंदौर मेंहदावल की चांदनी 50, 100 और 200 मीटर की दौड़ में टॉपर रहे। इसी तरह से उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय हैंसर के लवकुश 600 मीटर दौड़, ऊंची कूद और लंबी कूद में चैंपियनशिप रहे। बालिका वर्ग में हैंसर की बबिता ने 100 मीटर, लंबी कूद और चक्रक्षेपण में व्यक्तिगत चैंपियनशिप हासिल की। प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि राज्य मंत्री श्रीराम चौहान ने मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। राज्य मंत्री श्रीराम चौहान ने कहा कि खेल कूद के आयोजन से जहां बच्चों में दमखम का निर्माण होता है, वहीं टीम के साथ मिलजुल कर काम करने की प्रवृत्ति पैदा होती है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता से आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इस तरह की प्रतियोगिता कार्यकुशल मानसिक विकास के साथ शारीरिक विकास को अग्रसारित करता है। सांसद प्रवीण ने कहा कि सांसद खेल स्पर्धा के पीछे ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में हार-जीत लगी रहती है। हारने वाले को निराश नहीं होना चाहिए। उसे और अधिक मेहनत कर अगली प्रतियोगिता में लक्ष्य प्राप्त करना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन जिला व्यायाम शिक्षक इंद्रेश पांडेय ने किया। इस अवसर पर मृगेंद्र राम त्रिपाठी, अंकुर राज त्रिपाठी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सर्वेश त्रिपाठी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामललित चौधरी, बीएसए दिनेश कुमार, अमर राय, गणेेश पांडेय, पीपी दुबे, घनश्याम तिवारी, उप क्रीड़ा अधिकारी दिलीप कुमार, आनंद त्रिपाठी, धनंजय पांडेय, ओम नारायण शुक्ल, इंदू यादव, अमरनाथ निषाद और बहादुर निषाद आदि मौजूद थे।