- बेलहर कला क्षेत्र के निधुरी गांव में हुई घटना, बाइक सवार चार युवकों ने दिया घटना को अंजाम
बेलहर/सांथा। बेलहर कला थानाक्षेत्र के निधुरी गांव के पास एक सिद्धार्थनगर जनपद के एक मोबाइल व्यवसायी के दो सेल्समैन से बाइक सवार चार युवकों ने वसूली के रुपये तथा दो मोबाइल छीनने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात युवकों पर केस दर्ज किया है।
सिद्धार्थनगर जनपद के तेतरी बाजार के शास्त्रीनगर निवासी नूर आलम ने बेलहरकला थाने में दी गई तहरीर में लिखा है कि उन्होंने अपने दो सेल्समैन भटवल निवासी सलीम मुहम्मद तथा उसका बाजार के चुड़िहारी निवासी प्रदीप कन्नौजिया को एक फरवरी को माल देने के लिए खलीलाबाद आए हुए थे। वहां से वह मोटरसाइकिल से पैसा वसूलकर वापस सिद्धार्थनगर जा रहे थे। अभी रात 9.45 बजे के करीब दोनों खलीलाबाद बांसी मार्ग पर बेलहर कला थानाक्षेत्र के निधुरी में स्थित शेहर हाॅस्पिटल के पास पहुंचे ही थे कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद दोनों के पास मौजूद कलेक्शन के रुपयों से भरा बैग तथा दो महंगी मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गए। इस मामले की जानकारी मोबाइल व्यवसायी ने मुकामी पुलिस को दी। तहरीर मिलने के बाद 4 फरवरी की देर शाम बेलहर कला थाने की पुलिस ने रुपए से भरा बैग तथा दो मोबाइल छीनने का केस दर्ज किया है।
मोबाइल व्यवसायी नूर आलम से दूरभाष पर बात हुई तो उन्होंने पर बताया कि उनके सहयोगियों के साथ जब यह घटना हुई तो उन्होंने इस बात की जानकारी मुझे दी। इसके बाद घर चले आए। बैग में कलेक्शन के 6.59 लाख रुपए थे। इसके बाद मैंने बेलहरकला पुलिस से बात किया। पुलिस ने मुझे रविवार को बुलाया। जब मैं रविवार को पहुंचा तो पुलिस मेले में चली गयी थी। इसके बाद मैं बुधवार को फिर बेलहर कला थाने पर गया। वहां पर एसओजी टीम आई और लूट के घटनास्थल के साथ ही साथ अन्य स्थानों पर जाकर सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। मुझसे पार्टी के आधार पर पैसों की जानकारी ली कि किस पार्टी ने किस एवज में कितना पैसा दिया था। केस दर्ज करते समय मैंने अपने छीने गए रुपये का जिक्र तहरीर में करने को कहा तो पुलिस ने कहा कि रुपए का जिक्र विवेचना के दौरान आएगा।
लूट नहीं छिनैती की सूचना है। इस मामले में केस दर्ज किया गया है। घटना की जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सत्यजीत गुप्ता, एसपी