संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इसके लिए अभियान चलाकर लाभार्थियों के फार्म भराने के निर्देश दिए गए हैं। योजना में आशा संगिनी को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान दो साल से नहीं किया गया है। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना के तहत पहला बच्चा पैदा होने पर पोषण के लिए लाभार्थियों को तीन किस्तों में पांच हजार रुपये प्रदान किया जाता है। इस योजना में फार्म भरवाने के लिए क्षेत्र की आशा को जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उनके सहयोग के लिए आशा संगिनी को लगाया गया है। शासन के निर्देश के अनुसार आशा को सहयोग प्रदान करने के लिए बीपीएम/बीसीपीएम के साथ ही आशा संगिनी को प्रत्येक फार्म पर 50 रुपये प्रोतसाहन राशि दिए जाने का प्रावधान है। पूर्व में यह प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती रही है, लेकिन पिछले दो साल से इस योजना में प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया है। वर्तमान में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना के लिए प्रत्येक आशा कार्यकर्ता से क्षेत्र से पांच फार्म भरवाने के निर्देश दिए गए है, लेकिन आशा संगिनी को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान न होने से इसमें अपेक्षित सफलता नहीं मिल पा रही है।
जल्द से जल्द भुगतान कराया जाए
आशा कर्मचारी यूनियन की जिलाध्यक्ष सरोज यादव ने सीएमओ को दिए मांग पत्र में कहा है कि पिछले दो साल से प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना में संगिनी को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया है। जबकि सभी संगिनी ने योजना में कार्य किया है। उन्होंने मांग की कि विभाग जल्द से जल्द संगिनियों की प्रोत्साहन राशि का भुगतान कराए।
प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना में संगिनियों का भुगतान किस कारण से नहीं हुआ, इसके बारे में जानकारी ली जा रही है। नियमानुसार संगिनियों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान सुुनिश्चित कराया जाएगा।
- डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा, सीएमओ