पांच हत्यारोपी भेजे गए जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा (संतकबीरनगर)। क्षेत्र के गायघाट दक्षिणी गांव में सोखैती के विवाद में हुई देवमन निषाद की हत्या में शामिल पांच आरोपितों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। पकड़े गए पांचों आरोपितों को पुलिस ने जेल भेज दिया, जबकि अन्य की तलाश कर रही है।
रविवार की रात सोखैती के दौरान हुए विवाद में 50 वर्षीय देवमन निषाद की हत्या कर दी गई थी। जबकि उसके बेटे राजू और जानकी घायल हो गए थे। मृतक की पत्नी मोरना देवी की तहरीर पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या, बलवा समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। एसओ रोहित प्रसाद ने बताया कि मंगलवार की सुबह सूचना मिली कि देवमन की हत्या में शामिल आरोपित तिघरा कुटी नाका बाबा स्थान के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर आरोपी रामलाल, विफन, बहादुर , दूधनाथ निवासी गायघाट और अमरजीत निवासी नेतानगरी थाना महराजगंज जिला आजमगढ़ को गिरफ्तार किया गया। एसओ ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय भेजा गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।