कंपोजिट विद्यालय हरेवा में वार्षिक परीछा देते छात्र।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
परिषदीय विद्यालयों की शुरू हुई वार्षिक परीक्षा
- दो पालियों में डेढ़ लाख अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गई है। जिले के 1,247 परिषदीय स्कूलों में दो पालियों में परीक्षा शुरू हुई। जिसमें 1,58,452 परीक्षार्थी शामिल हुए। खंड शिक्षा अधिकारियों ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
कोरोना काल के चलते परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा दो साल से बंद थी। इधर कोरोना काल समाप्त हुआ तो परीक्षा शुरू हुई। 22 मार्च से शुरू हुई परीक्षा 27 मार्च तक चलेगी और उसके बाद 30 मार्च को परिणाम घोषित किया जाएगा। बीएसए दिनेश कुमार ने बताया कि परीक्षा में कुल नामांकित 1,58,452 परीक्षार्थी शामिल हुए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। पहले दिन मौखिक परीक्षा थी। सभी बीईओ ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। धनघटा प्रतिनिधि के अनुसार हैंसर ब्लॉक 102 प्राथमिक विद्यालय और 28 कंपोजिट विद्यालय तथा 18 उच्च प्राथमिक विद्यालय में परीक्षा शुरू हुई। जिन पर कुल मिलाकर 22,931 बच्चे नामांकित हैं। कंपोजिट विद्यालय हरेवा, मदरा आदि विद्यालयों पर बच्चों ने परीक्षा में भाग लिया। इस संबंध में पूछे जाने पर बीईओ अरुण सिंह ने बताया कि कक्षा एक से लेकर आठ तक के बच्चों की परीक्षा शुरू हो चुकी है।
मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार सांथा विकास खंड के संविलियन विद्यालय अठलोहियां के प्रभारी प्रधनाध्यापक अमरेश बहादुर सिंह ने बताया कि पूर्व माध्यमिक स्तर पर 216 नामांकन के हिसाब से 208 और प्राथमिक स्तर पर 172 नामांकन के सापेक्ष 164 ने प्रतिभाग किया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय टड़वां के प्रधानाध्यापक चंद्रधर मिश्र ने बताया कि उनके यहां 64 नामांकन के सापेक्ष सभी ने परीक्षा में भाग लिया। इसी तरह से पूर्व माध्यमिक विद्यालय सांड़ेेंखुर्द के प्रभारी प्रधानाध्यापक राकेश कुमार सिंह, ददरा के अनूप सिंह, बिसौवां के वैभव शुक्ल ने बताया कि उनके स्कूल पर वार्षिक परीक्षा में शत प्रतिशत उपिस्थिति रही। खंड शिक्षा अधिकारी अर्जुन प्रसाद वर्मा ने कहा कि परिषदीय स्कूलों में वार्षिक परीक्षा शासन के निर्देशानुसार पूरी तत्परता से संचालित की जा रही है। 30 मार्च तक परीक्षाफल घोषित कर दिया जाएगा।