संतकबीरनगर। कलेक्ट्रट पर मंगलवार को जनता दर्शन में एक फरियादी शीशी में पेट्रोल लेकर पहुंच गया। उसने एडीएम के सामने पेट्रोल निकाला और उसे खुद पर डालने का प्रयास किया, तभी सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
सूचना पर कोतवाल पहुंच गए। उसे पकड़ कर कोतवाली लाए। फरियादी की इस हरकत से कलक्ट्रेट पर हड़कंप मच गया।
घनघटा क्षेत्र के तिघरा निवासी खीरचंद अपनी फरियाद लेकर कलक्ट्रेट पर पहुंचे थे। उनके पास झोला था, जिसे सुरक्षा कर्मियों ने बाहर रखवा दिया था। डीएम की अनुपस्थिति में एडीएम जयप्रकाश फरियाद सुन रहे थे।
खीर चंद का कहना था कि तिघरा में पत्नी ज्ञानमती देवी के नाम पांच से छह विस्वा जमीन पीडब्लूडी एरिया छोड़कर बैनामा कराया है। गांव के बगल के कुछ लोग मिलकर जबरदस्ती उसकी जमीन के सामने पीडब्ल्यूडी की जमीन पर जबरन कब्जा कर के रास्ता अवरुद्ध कर रहे हैं।
आरोप है कि मना करने पर उक्त लोग लाठी-डंडे लेकर मारने को तैयार हो जाते हैं। विपक्षी मनबढ़ हैं और जानमाल की धमकी देते रहते हैं। उसके द्वारा बार-बार थाना दिवस तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देने पर लेखपाल कहते हैं कि अगर तुम्हारे सामने विपक्षी कब्जा कर रहा है तो जमीन बेच दो। आखिर वह किसके पास फरियाद लेकर जाए।
इतना कहने के बाद उसने कमर के पास खोसी शीशी निकाली और उसमें रखा पेट्रोल ऊपर डालने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ लिया। इस घटना के बाद कलक्ट्र्रेट पर हड़कंप मच गया। सूचना पर कोतवाल पंकज पांडेय पहुंच गए और उसे हिरासत में लेकर कोतवाली ले गए। पीड़ित का कहना था कि यही सोच कर आए थे अगर उसकी फरियाद नहीं सुनी गई तो वह आत्मदाह कर लेगा।