कोविड का बुस्टर डोज लगाती नर्स। (फाइल फोटो)
- फोटो : KHALILABAD
संतकबीरनगर में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत सात अगस्त को मुफ्त प्रीकाशन डोज लगाने का महाअभियान चलाया जाएगा। जिले में अभी तक कुल 99814 प्रीकाशन डोज लगाई जा चुकी है। दह माह पूर्व कोविड टीके की दो डोज लगवा चुके सभी लोग प्रीकाशन डोज जरूर लगवा लें। 18-59 आयु वर्ग में एहतियाती डोज की नि:शुल्क सुविधा 30 सितंबर तक के लिए ही है। 59 से अधिक आयु वर्ग के लोगों को पहले से ही यह सुविधा नि:शुल्क दी जा रही है।
सीएमओ डॉ अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि मुफ्त प्रीकाशन डोज का अभियान 15 जुलाई से चल रहा है, लेकिन सात अगस्त को महाभियान के तहत टीकाकरण होगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एस रहमान ने बताया कि जिले में करीब 30.14 लाख कोविड टीके की डोज लगाई जा चुकी है। इसमें 15.13 लाख टीके की प्रथम डोज दी जा चुकी है, जबकि 14.01 लाख की दूसरी डोज लगाई जा चुकी है।
रविवार को आयोजित होने वाले महाभियान के दौरान जिले की सभी सीएचसी, पीएचसी, न्यू पीएचसी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के अतिरिक्त जिला संयुक्त चिकित्सालय के एमसीएच विंग में टीकाकरण होगा। उन्होंने सभी लोगों से अनुरोध किया कि वे रविवार को आयोजित होने वाले इस महाभियान में भाग लें तथा खुद कोविड से बचें और दूसरों को भी कोविड से बचाएं।
इन्हें लगेगी डोज
18 वर्ष से अधिक आयु के समस्त नागरिक, जिन्हें कोविड टीके की दूसरी डोज लग गई है और दूसरी डोज लगे हुए छह महीने पूरे हो गए हैं, वह नि:शुल्क कोविड टीकाकरण के प्रीकाशन डोज के पात्र हैं। इन सभी को टीका लगाया जाएगा।