मेंहदावल। नगर क्षेत्र में इन दिनों बेसहारा पशुओं की तस्करी होने की आशंका है। बृहस्पतिवार की देर रात कुछ अज्ञात पशु तस्कर बेसहारा पशुओं को पिकअप में लाद रहे थे। जिन्हें लोगों ने भगा दिया। इसके बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने थाने में जाकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बताया जाता है कि पशुओं को लादने के दौरान कस्बे के कुछ युवा जग गए। उन्होंने घटना का वीडियो व फोटो बनाने की कोशिश की तो तस्करों ने युवाओं पर पत्थर फेंके। युवाओं ने वीडियो बनाना बंद नहीं किया तो पशु तस्कर पिकअप लेकर भाग निकले। इस मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सर्वेश त्रिपाठी की अगुवाई में आधा दर्जन से अधिक लोगों ने मेंहदावल थाने पर पहुंचकर तहरीर सौंपी है।
प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि युवाओं ने पूरे मामले की तहरीर व वीडियो सौंपा है। जल्द इस मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। संवाद