संतकबीरनगर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर शुक्रवार को जनपद में अभियान का शुभारंभ मगहर स्थित जेएम स्कूल में किया गया। नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. सोहन प्रसाद ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बच्चों को एल्बेंडाजोल की टैबलेट खिलाई और उन्हें कृमि संक्रमण से बचाव के लिए दवा के फायदे एवं आवश्यकता के बारे में जागरूक किया।
इस दौरान बच्चों को बताया गया कि पेट में होने वाले कृमि संक्रमण से कुपोषण, एनीमिया, पेट दर्द, कमजोरी तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। एल्बेंडाजोल टैबलेट के सेवन से कृमि संक्रमण से बचाव में मदद मिलती है और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को बढ़ावा मिलता है।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के जनपदीय सलाहकार दीनदयाल वर्मा, तकनीकी सहयोग इकाई की जनपदीय प्रतिनिधि डॉ. सौम्या दीक्षित, स्कूल प्रबंधक विवेक मिश्रा समेत विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वच्छता, हाथ धोने तथा कृमि संक्रमण से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया।
00000000000000000000000
10, 38, 713 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों का दवा खिलाने का लक्ष्य
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान के तहत जनपद में 10,38,713 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की टैबलेट खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के अंतर्गत एक से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को शामिल किया गया है। अभियान का संचालन जनपद के समस्त सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर किया जाना है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संबंधित विभागों के समन्वय से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारी की गई है। अधिकारियों ने अभिभावकों एवं शिक्षकों से अपील की कि कोई भी पात्र बच्चा एल्बेंडाजोल की खुराक से वंचित न रहे। जो बच्चे निर्धारित दिवस पर दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें मॉप-अप दिवस 18 अगस्त 2026 को एल्बेंडाजोल की टैबलेट खिलाई जाएगी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का उद्देश्य बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, शारीरिक विकास, मानसिक विकास एवं नियमित विद्यालय उपस्थिति को सुनिश्चित करना है।