संतकबीरनगर। अक्षय तृतीया पर सोने, चांदी और वाहनों की खरीदारी से बाजार चमक उठा। लोगों ने खूब खरीदारी की। बाजार में चहल-पहल रही तो ग्राहकों में उत्साह दिखा। सराफा कारोबारियों के मुताबिक जनपद में बेहतर कारोबार हुआ है। सोने की खरीदारी में ग्राहकों ने ऑफर का लाभ भी उठाया है। इसके साथ ही वाहन और कपड़ों की खरीदारी भी हुई है। कुल तीन करोड़ के कारोबार का अनुमान व्यापारी बता रहे हैं।
सुख, समृद्धि का पर्व अक्षय तृतीया उत्साह के साथ मनाया गया। बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल रही। गोला बाजार और मेन रोड के सराफा की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ रही।
महिलाओं ने हार, टीका, कंगन, नथिया आदि की खरीदारी की। सराफा कारोबारी हरिराम वर्मा के मुताबिक जनपद में ज्वेलरी का कारोबार काफी अच्छा हुआ है। मेकिंग चार्ज पर 20 प्रतिशत की छूट थी, जिसका लाभ ग्राहकों ने लिया है। ज्यादातर ग्राहकों ने हल्के वजन की ज्वेलरी पसंद की। दुकान पर ग्राहक आते रहे। कुछ ने तो आने वाले लगन की भी खरीदारी की।
ज्वेलरी खरीदने आई आंशुल पाठक ने बताया कि अक्षय तृतीया पर सोने चांदी की खरीदारी शुभ मानी जाती है। इसका लाभ उठाया है। इसी तरह से विजय प्रताप सिंह ने बताया कि घर में शादी है। ज्वेलरी खरीदनी थी तो अक्षय तृतीया से बेहतर दिन नहीं था। कुछ छूट भी मिली है। इसका लाभ उठाया गया है। बाइक शोरूम के प्रबंधक शैंकी ने बताया कि अक्षय तृतीया पर वाहनों की बेहतर बिक्री हुई है। करीब 15 वाहन बिके है। वहीं कपड़ा व्यापारी विवेक छापड़िया ने बताया कि सहालग का समय चल रहा है, लेकिन अक्षय तृतीय पर लोग खरीदारी करना शुभ मानते है। कपड़ों की खरीदारी हुई है। महिलाएं अपने मनपसंद की साड़ी व अन्य कपड़ों की खरीदारी की है।