संतकबीरनगर। गोरखपुर में मेगा ब्लॉक के चलते बुधवार को सिकंदराबाद एक्सप्रेस ट्रेन निरस्त रही। इसके साथ ही बृहस्पतिवार को राप्ती सागर और आनंद बिहार एक्सप्रेस भी ट्रेन निरस्त रहेगी। इससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती। यात्रियों को अभी तीन मई तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
गोरखपुर में कार्य कराए जा रहे इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग के चलते मेगा ब्लॉक लिया गया है। इसके चलते कई ट्रेनों को निरस्त करने के साथ कई ट्रेनों के मार्ग को परिवर्तित कर दिया गया है, जबकि बुधवार को सिंकदराबाद एक्सप्रेस निरस्त कर दी गई। इसके साथ ही गोरखपुर-गोंडा, गोरखपुर-अयोध्या और इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन पहले से ही निरस्त चल रही है।
एक मई को आनंद बिहार व राप्ती सागर एक्सप्रेस भी निरस्त रहेगी। इससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती है। ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन और निरस्त होने के चलते सफर की मजबूरी में लोगों को बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। खलीलाबाद के मेंहदावल बाईपास पर कानपुर जाने के लिए बस का इंतजार करते मिले दीपक कुमार, अश्वनी आदि ने बताया कि ट्रेनें न चलने से मजबूरी में बस से सफर करना पड़ रहा है। इससे काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है।