संतकबीरनगर। जिला जज मोहन लाल विश्वकर्मा के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश देवेंद्र नाथ गोस्वामी ने शुक्रवार को बाल संप्रेक्षण गृह बस्ती में बाल अपचारियों से मुलाकात की। उनके अधिकार बताए और उनकी समस्याओं के बारे में जाना।
वर्तमान में संतकबीरनगर से संबंधित 19 बालक बाल संप्रेक्षण गृह बस्ती में निर्वासित हैं। एडीजे ने सभी बाल अपचारियों के स्वास्थ्य का हाल जाना। उनके पठन-पाठन की व्यवस्था का जायजा लिया। संप्रेक्षण गृह में तैनात अध्यापकों से शिक्षण कार्य के संबंध में वार्ता की तथा शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा आने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को पत्राचार के लिए निर्देशित किया। पाकशाला का भी निरीक्षण कर अधीक्षक को साफ-सफाई एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान देने के लिए कहा। बाल अपचारियों को उनके अधिकारों जैसे निशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने, पैरवी के लिए निशुल्क अधिवक्ता जैसे अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान संप्रेक्षण गृह के अधीक्षक अविनाश पटेल आदि मौजूद रहे।