- नाथनगर ब्लाॅक पर सचिव, टीए व एपीओ के साथ बीडीओ ने की समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। ब्लाॅक मुख्यालय नाथनगर पर बृहस्पतिवार को बीडीओ ने सचिव, टीए और मनरेगा एपीओ के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान पौधरोपण अभियान में सुस्ती बरतने वाले कर्मचारियों की जमकर क्लास लगाई। हिदायत देते हुए कहा कि अभियान में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी। इस दौरान आवास और एनआरएलएम योजना की प्रगति की जानकारी ली।
बीडीओ मनरेगा विवेकानंद मिश्र, बीडीओ रूप नारायण भारती ने संयुक्त रूप से सचिवों, टीए और एपीओ के साथ समीक्षा बैठक की। बताया कि ब्लाॅक के सभी ग्राम पंचायतों में पौधरोपण के लिए एक लाख 37 हजार का लक्ष्य मिला है। जिसे हर हाल में पूरा करके गांवों को हरियाली की तरफ ले जाना है। कुछ सचिवों की तरफ से अभी तक नर्सरी से पौध उठान नहीं होने की पुष्टि होने पर तत्काल आदत में सुधार लाने की नसीहत बीडीओ ने दी।
समीक्षा बैठक में वित्तीय वर्ष 2016-17 से अभी तक 13007 लाभर्थियों को आवास मिला है। जिसमें 25 को दूसरी किस्त और 65 को तीसरी किस्त का धन खाते में नही पहुंचने की बात सचिवों द्वारा बताई गई, जिसे तत्काल गांव पहुंचकर कागजी कोरम पूरा करके भिजवाने के निर्देश दिए।
बीडीओ रूप नारायण भारती ने कहा कि गांव में विकास की योजनाओं के संचालन में सुस्ती बर्दाश्त नहीं होगी। इस दौरान सचिवों से योजनाओं के संचालन का फीडबैक लेकर समीक्षा की। इस मौके पर एपीओ मेराजुल हक, सचिव शिवेन्द्र कुमार, शिव प्रकाश सिंह, अजित शर्मा, प्रशांत यादव, धर्मेन्द्र यादव, विश्राम यादव, देशदीपक वर्मा सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।