संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में कोचिंग सेंटर के बाहर आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों से कथित तौर पर अश्लील हरकत और अभद्र शब्दों का प्रयोग करने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को एक युवक को गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को जमानत मुचलके पर छोड़ दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर की रात उपनिरीक्षक हरिकेश बहादुर सिंह पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में लंबित विवेचनाओं की देखरेख और गश्त पर थे। इसी दौरान स्टेशन के सामने पहुंचने पर मुखबिर से सूचना मिली कि गेट नंबर तीन के सामने स्थित एक कोचिंग सेंटर के पास आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों को देखकर एक युवक अश्लील हरकत कर रहा है और अभद्र शब्दों का प्रयोग कर रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मुखबिर को साथ लेकर मौके पर पहुंची। मुखबिर ने एक युवक की ओर इशारा कर उसे कथित तौर पर छेड़खानी करने वाला बताया और वहां से चला गया। पुलिस को देखते ही युवक भागने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे रात करीब नौ बजे पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम उमेश गोंड़ निवासी डीघा, थाना कोतवाली खलीलाबाद बताया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जमानत मिल गई।