- मेंहदावल कस्बे के नई बाजार क्षेत्र का मामला
मेंहदावल। मेंहदावल कस्बे के नई बाजार क्षेत्र में महिलाओं और युवतियों पर अश्लील टिप्पणी करने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुकेश (25) निवासी गोविंदपुर, पोस्ट डुमरी, थाना सहजनवां, गोरखपुर बताया।
पुलिस के अनुसार, पांच अगस्त को उपनिरीक्षक गिरिजेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ नई बाजार क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि युवक सड़क से गुजर रही महिलाओं और युवतियों को देखकर अश्लील गाने गा रहा है और अभद्र शब्दों का इस्तेमाल कर रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक एक युवती की ओर देख रहा था। पुलिस को देखकर वह भागने लगा लेकिन पुलिसकर्मियों ने नई बाजार से पानी की टंकी जाने वाले मार्ग पर उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी के परिजन मौके पर पहुंचे और जमानत पर रिहा करने का अनुरोध किया। थाना प्रभारी की अनुमति के बाद जमानती मुचलका भरवाकर आरोपी को रिहा कर दिया गया। संवाद