संतकबीरनगर। कूटरचित दस्तावेजों और गलत तथ्यों के आधार पर फर्जी तरीके से पासपोर्ट बनवाकर विदेश यात्रा करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) के आधार पर लखनऊ के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली खलीलाबाद में वर्ष 2023 में आरोपी संदीप कुमार निवासी बंडा बाजार, थाना घनघटा के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना, आपराधिक साजिश, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। मामले में आरोपी के विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था।
21 जून को इमिग्रेशन विभाग, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लखनऊ से ई-मेल के माध्यम से सूचना मिली कि विदेश (जॉर्डन) से लौटने पर आरोपी संदीप कुमार को एलओसी के आधार पर हिरासत में लिया गया है। सूचना मिलने के बाद कोतवाली खलीलाबाद पुलिस की टीम लखनऊ रवाना हुई और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम आरोपी को लेकर सोमवार को खलीलाबाद पहुंची। पूछताछ और विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की गई। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया आरोपी के पास से एक कूटरचित पासपोर्ट, एक आपातकालीन प्रमाणपत्र तथा एक आधार कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।