संतकबीरनगर। बभनी चौराहे पर 18 जून को हुई युवक आनंद की हत्या के बाद प्रशासन की सक्रियता बढ़ी है। चौराहे पर पुलिस बूथ का निर्माण शुरू करा दिया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वर्ष 2019 में ग्राम पंचायत की ओर से भेजे गए पुलिस चौकी के निर्माण के प्रस्ताव पर समय रहते कार्रवाई हो गई होती तो क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता था। आसपास के लोगों के विरोध व एक जनप्रतिनिधि के दबाव में पुलिस चौकी नहीं बन पाई थी। अब हत्या की घटना के बाद पुलिस बूथ बनाने की कवायद शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि कोलकी चमरसन गांव निवासी आनंद की बभनी चौराहे पर गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। वारदात के बाद ग्रामीणों और व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे। लोगों का कहना है कि बभनी चौराहा कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख बाजार और आवागमन केंद्र है, जहां दिन-रात लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद यहां स्थायी पुलिस चौकी की व्यवस्था नहीं है।
ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2019 में स्थानीय ग्राम पंचायत ने बभनी चौराहे पर पुलिस चौकी निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रशासन को भेजा था। प्रस्ताव में चौराहे की बढ़ती आबादी, बाजार की गतिविधियों और सुरक्षा जरूरतों का उल्लेख किया गया था। पुलिस चौकी बनने की सूचना के बाद आसपास के लोगों के विरोध एवं एक जनप्रतिनिधि के दबाव के कारण चौकी का निर्माण नहीं हो सका था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चौकी स्थापित हो गई होती तो पुलिस की नियमित मौजूदगी रहती, जिससे असामाजिक तत्वों पर निगरानी बनी रहती और आपराधिक घटनाओं की आशंका कम हो सकती थी। कई ग्रामीणों ने यह भी कहा कि संभव है कि 18 जून जैसी जघन्य वारदात भी टाली जा सकती थी।
हत्या की घटना के बाद प्रशासन ने चौराहे पर पुलिस बूथ निर्माण की प्रक्रिया शुरू करा दी है। अधिकारियों का कहना है कि बूथ बनने से पुलिस की मौजूदगी रहेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी। कुछ लोगों का कहना है कि केवल बूथ नहीं, बल्कि स्थायी पुलिस चौकी स्थापित कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रमुख बाजार के रूप में जाना जाता है बभनी चौराहा
बखिरा थाना क्षेत्र का बभनी चौराहा प्रमुख बाजार के रूप में जाना जाता है। यहां बैंक, पेट्रोल पंप के साथ ही अन्य व्यापारिक गतिविधियां संचालित होती हैं। अक्सर आसपास छिटपुट घटनाएं होने की भी चर्चा होती रही, जिसके बाद मामला तत्कालीन एसपी आकाश तोमर के समक्ष पहुंचा। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर चौकी स्थापित करने का निर्णय लिया। इसके बाद ग्राम सभा से प्रस्ताव तैयार करके पुलिस प्रशासन को भेजा गया।
स्वर्ण व्यापारी के साथ हुई थी लूट की वारदात
दुधारा थाना क्षेत्र के पचपोखरी बाजार निवासी रमेश कुमार उर्फ पिंटू वर्मा की बभनी चौराहा पर सोने चांदी के जेवरात की दुकान है। अक्तूबर वर्ष 2013 में दुकान बंद करके घर जाते समय दो बाइक पर सवार चार बदमाश लगभग 70 हजार रुपये के जेवरात लूट गए थे। मार्च 2022 में पिंटू की दुकान का शटर तोड़कर लगभग 80 हजार रुपये की कीमत के जेवरात व अन्य सामान चोरी कर लिए गए थे।
-
छीन लिए गए थे मोबाइल व रुपये
बखिरा कस्बा निवासी रामवृक्ष पचपेड़वा गांव में रहकर फेरी लगाकर फल व सब्जी बेचते हैं। वर्ष 2018 में वह पचपोखरी बाजार से फल बेचकर लौट रहे थे। बभनी पंचायत भवन के पास कुछ लोगों ने मारपीट कर मोबाइल व नकदी छीन ली। इसी तरह मूंगफली बेचकर आ रहे मिश्रौलिया पराग गांव निवासी हरिराम के साथ भी छिनैती की घटना हुई थी। बभनी गांव निवासी हुबलाल पिपरा बोरिंग से सब्जी बेचकर लौट रहे थे। उनके साथ ही छिनैती की घटना हुई थी।
बोले ग्रामीण
बभनी चौराहा क्षेत्र का प्रमुख केंद्र है। वर्षों पहले चौकी की मांग उठी थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। अब हत्या के बाद प्रशासन जागा है।
-दुर्गेश कुमार, स्थानीय निवासी
यहां पुलिस चौकी बनने से आसपास के दर्जनों गांवों को सुरक्षा मिलेगी। प्रशासन को जल्द स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए।
-संतोष कुमार यादव, व्यापारी
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बभनी में पुलिस बूथ स्थापित किया जा रहा है। जमीन की उपलब्धता जांचने व उच्चाधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद चौकी स्थापना के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
-सुशील कुमार सिंह, एएसपी