ठूठीबारी। एसएसबी सड़क पर लक्ष्मीपुर खुर्द निवासी जो युवक रविवार को एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गम्भीर रूप से घायल हो गया था, उसकी इलाज के दौरान सोमवार को जिला अस्पताल में मौत हो गई। लक्ष्मीपुर खुर्द गांव निवासी सुहेल 32 रविवार की देर शाम करीब आठ बजे एसएसबी रोड पर टहल रहा था। इसी बीच एक अज्ञात चार पहिया वाहन उसे ठोकर मारकर भाग निकला। ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया की ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक सुहेल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गई। संवाद
-
मनबढ़ों की पिटाई से युवक घायल, केस दर्ज
शिकारपुर/भिटौली। घुघली थाना क्षेत्र के विशुनपुर गबडुवा में शनिवार की रात लगभग नौ बजे कुछ मनबढ़ों ने एक युवक को मार-पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित संतोष चौधरी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वे शनिवार को रात में अपने सीएससी सेंटर पर बैठा था, तभी पुरानी रंजिश में गांव के ही कुछ लोग लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मुझे मारना शुरू कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और बाइक से उसके घर पर आकर भी तोड़फोड़ की। मारपीट में पीड़ित को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही घुघली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दिया। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता की तहरीर पर उसके गांव के ही युगुल किशोर, नरसिंह, गिरिजेश और सोनू पर केस दर्ज किया है। संवाद