धनघटा। थाना क्षेत्र में बाजार में दुकान पर सामान खरीदने आए एक युवक की बाइक चोरों ने उड़ा दी। पीड़ित ने धनघटा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बस्ती जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बखरिया गांव निवासी अमन पुत्र राम ललित 30 मई को अपने बड़े भाई के साले प्रवेश कुमार पुत्र राजेश की बाइक लेकर धनघटा थाना क्षेत्र के गागरगाड़ गांव आया था। बताया जाता है कि युवक अपनी बाइक खड़ी कर दुकान पर सामान लेने चला गया। इसी दौरान चोर बाइक लेकर भाग गए।
सामान लेकर लौटने पर जब युवक बाइक लेकर मौके पर नहीं पहुंचा तो आसपास के लोगों से पूछताछ की और काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पीड़ित ने धनघटा थाने पहुंचकर तहरीर देते हुए बाइक बरामद करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक धनघटा दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। बाइक चोरी की घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।