दिल्ली में करंट की चपेट में आने से युवक की हुई मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
पौली। धनघटा क्षेत्र के अतरौलिया गांव निवासी युवक की सोमवार को दिल्ली में करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घर के कमाऊ बेटे की हादसे में मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।
अतरौलिया निवासी नंदलाल का 24 वर्षीय बड़ा बेटा सूरज पांच महीने पहले दिल्ली जाकर अलमारी बनाने की फैक्ट्री में काम कर परिवार का खर्च चलाता था। मृतक के परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह सूरज अलमारी बनाने का काम कर रहा था। उसी समय वह करंट की चपेट में आ गया। लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। सूरज की अचानक हुई मौत की सूचना मोबाइल से घरवालों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। पिता नंदलाल का जहां रो- रोकर बुरा हाल था। जबकि पत्नी सुनीता और मां प्रेमा देवी व बहने रोते-रोते अचेत हो जा रही थीं। मृतक के दो बच्चे हैं। घटना से गांव के लोग भी गमगीन थे।